गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माता जी के गोलोकगमन पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने कहा कि मां का विछोह जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई किसी भी रूप में संभव नहीं है। मां परिवार की आधारशिला होने के साथ ही संस्कार, त्याग, धैर्य और निस्वार्थ प्रेम की प्रथम पाठशाला होती हैं।
कुलपति ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संपूर्ण विश्वविद्यालय परिवार की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और उनके समस्त शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना एवं सहानुभूति व्यक्त की।
उन्होंने देवाधिदेव महादेव, महायोगी गुरु गोरखनाथ एवं परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा इस कठिन समय में मुख्यमंत्री जी एवं उनके परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।










