महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

ईटहिया मेले से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में पलटी : एक बच्ची घायल

महराजगंज | 11-Aug-2026 07:54 AM | 234 |
महराजगंज
एक बच्ची घायल


 

पीएच एम न्यूज( संवाददाता )
महराजगंज- जिले के चौक थाना क्षेत्र के पड़री कला गांव के पास सोमवार देर शाम ईटहिया मेले से दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गई। ट्रॉली में करीब 30 से 35 श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और ट्रॉली में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक बच्ची घायल हुई है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी श्रद्धालु चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरिया गुरु गोविंद राय के रहने वाले थे। सभी लोग ठूठीबारी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर ईटहिया में आयोजित मेले में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पड़री कला गांव के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही चौक थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष पटेल पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। ट्रॉली में फंसे श्रद्धालुओं को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर भेजा गया।
सीएचसी जगदौर में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
चौक थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक बच्ची घायल हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.