पी एच एम न्यूज ( संवाददाता )
महराजगंज- निचलौल क्षेत्र के रुदौली गांव के उत्तर दिशा स्थित सीवान में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने बिजली के टावर से एक युवक का शव फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान रामकोकिल उर्फ दरोगा चौधरी के रूप में हुई है। वह बसंत चौधरी का पुत्र था और दो भाइयों में छोटा था। परिजनों के अनुसार दरोगा अविवाहित था, जबकि उसकी बहन की शादी हो चुकी है। बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले वह बाहर से अपने घर लौटा था।
परिजनों ने बताया कि घर लौटने के बाद उसने कुछ जरूरी कागजात भी जला दिए थे। हालांकि, उसने ऐसा क्यों किया और घटना के पीछे क्या वजह थी, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब पांच बजे कुछ लोग शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर गांव के उत्तर दिशा स्थित सीवान में लगे बिजली टावर की ओर गई। वहां युवक का शव फंदे पर लटका देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों और परिजनों को दी। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे और युवक का शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।