(महराजगंज)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिंदुरिया निवासी एक रेलकर्मी की लखीमपुर खीरी में मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया निवासी प्रतिष्ठित मिष्ठान व्यवसायी अवधेश मोदनवाल के दो पुत्र हैं। उनके बड़े पुत्र अग्निवेश मोदनवाल (31) का चयन रेलवे में ग्रुप डी के तहत गेटमैन के पद पर हुआ था। वर्तमान में उनकी तैनाती जिला लखीमपुर खीरी के रजागंज क्षेत्र स्थित करनपुर खजुहा रेलवे क्रॉसिंग के गेट संख्या 145-सीए-2 पर थी।
बताया जा रहा है कि 12 नवंबर 2026, गुरुवार को अग्निवेश रेलवे क्रॉसिंग पर ड्यूटी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह ड्यूटी के दौरान ट्रक के पास झंडी निकालने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पटरी पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के उच्चाधिकारी और स्थानीय पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अग्निवेश की आकस्मिक मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक होनहार युवा रेलकर्मी की असमय मौत से सिंदुरिया के व्यापारियों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।










