एम्स गोरखपुर में 26 से 29 नवंबर तक जुटेंगे देश-प्रदेश के दिग्गज सर्जन, आधुनिक सर्जरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों पर होगा मंथन।
गोरखपुर। एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (ASI), उत्तर प्रदेश चैप्टर के 51वें वार्षिक अधिवेशन यूपीएसिकॉन 2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन के सिलसिले में आज आयोजन समिति के ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन एवं एम्स गोरखपुर के सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता तथा आयोजन समिति के कोऑर्गनाइजिंग चेयरमैन तथा बाबा राघोदास मेडिकल कॉलेज सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ.
अभिषेक जीना ने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री पूज्य योगी आदित्यनाथ जी से मुलाकात कर उन्हें 26 नवंबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
इससे पूर्व एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. विभा दत्ता तथा सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता द्वारा भी इस आयोजन के संबंध में मुख्यमंत्री जी से आवश्यक अनुमति एवं सहयोग प्राप्त किया जा चुका है।
यह आयोजन सर्जरी के क्षेत्र में ज्ञान, अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण का एक बड़ा राष्ट्रीय मंच बनने जा रहा है। इसमें प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों, पीजीआई, मेडिकल कॉलेजों, बीएचयू, केजीएमयू, आरएमएल सहित विभिन्न संस्थानों के विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर, वरिष्ठ सर्जन, पीजी छात्र एवं प्रशिक्षणरत चिकित्सक भाग लेंगे।
26 नवंबर को विशेष कार्यशालाओं का आयोजन।
सम्मेलन के पहले दिन 26 नवंबर को आधुनिक चिकित्सा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका पर विशेष कार्यशाला आयोजित होगी। इसके अतिरिक्त कैडेवरिक वर्कशॉप के माध्यम से चिकित्सकों को मानव शरीर की संरचना पर आधारित आधुनिक शल्य चिकित्सा तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके साथ ही एंडोस्कोपी, एडवांस्ड लैप्रोस्कोपी एवं दूरबीन विधि से ऑपरेशन करने की नई तकनीकों पर भी विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
पहली बार पैरामीटर स्टाफ और नर्सिंग स्टाफ की भी कार्यशाला का आयोजन किया गया है। सीरीज मरीजों को ऑपरेशन की तैयारी कैसे की जाए और ऑपरेशन के बाद इन मरीजों की देखभाल कैसे किया जाए, क्योंकि पैरामेडिकल स्टाफ ही मरीज के साथ अधिक से अधिक समय देते हैं।
27, 28 एवं 29 नवंबर को आधुनिक सर्जरी पर होगा व्यापक मंथन।
मुख्य वैज्ञानिक सत्रों में सर्जरी के क्षेत्र में अब तक हुए विकास, नवीनतम तकनीकों, आधुनिक उपकरणों, रोबोटिक सर्जरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई ऑपरेशन विधियों पर देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपने अनुभव और ज्ञान साझा करेंगे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ऐसी आधुनिक शल्य चिकित्सा तकनीकों को प्रोत्साहित करना है, जिनसे मरीजों का ऑपरेशन अधिक सुरक्षित, सरल, सफल एवं किफायती हो सके और वे कम से कम समय में स्वस्थ होकर पुनः अपने परिवार, कार्यक्षेत्र और समाज की मुख्यधारा में लौट सकें।
गोरखपुर की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा का भी होगा प्रदर्शन।
यूपीएसिकॉन 2026 केवल चिकित्सा विज्ञान का सम्मेलन नहीं, बल्कि गोरखपुर की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का भी अवसर होगा। इसमें बाबा गोरखनाथ की पावन धरती, गीता प्रेस, भगवान बुद्ध की तपोभूमि तथा पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत, कला और विकास को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
लगभग पूरी हो चुकी है तैयारियां: डॉ. शिव शंकर शाही।
आयोजन सचिव (ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी) डॉ. शिव शंकर शाही ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से वरिष्ठ विशेषज्ञ, प्रख्यात सर्जन और शिक्षक गोरखपुर पहुंच रहे हैं।
डॉ॰ शाही के लिए यह विशेष अवसर है कि उनके अपने शिक्षक, जिन्होंने उन्हें सर्जरी का ज्ञान और प्रशिक्षण दिल्ली के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस में दिया था, वे भी इस सम्मेलन में शामिल होकर अपना अनुभव साझा करेंगे।
उन्होंने कहा कि पीजीआई, एम्स और देश के अन्य प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों के वरिष्ठ विशेषज्ञ यहां आकर युवा चिकित्सकों और पीजी विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करेंगे। यह सम्मेलन नई पीढ़ी के सर्जनों को आधुनिक चिकित्सा तकनीकों से परिचित कराने और उनके कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अब सम्मेलन के शुभारंभ में मात्र पांच दिन शेष हैं। आयोजन समिति सभी चिकित्सकों, सर्जनों और चिकित्सा विद्यार्थियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।










