रामगढ़ताल क्षेत्र के फुलवरिया की घटना, घरेलू विवाद के पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस*।
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के फुलवरिया में शनिवार की देर रात घरेलू विवाद के बाद एक ठेकेदार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे की तरफ दौड़े तो वहां ठेकेदार खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।
आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रामगढ़ताल पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक की पहचान फुलवरिया निवासी 47 वर्षीय अजीत सिंह के रूप में हुई है। वह ठेकेदारी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
शनिवार की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद अजीत सिंह अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर परिवार के लोग घबराते हुए कमरे में पहुंचे, जहां अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। घटना की जानकारी डायल 112 पर दी गई।
पुलिस के पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल समेत अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद को घटना की एक वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आत्मघाती कदम उठाने के पीछे वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों को समझा जा सके।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि फुलवरिया में ठेकेदार द्वारा लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है। पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चलने की बात सामने आई है।
घटना के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।










