गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

एमजीयूजी रासेयो स्वयंसेवकों ने दो गांवों में लगाया विशेष शिविर, ग्रामीणों को किया जागरूक : मानीराम-सिकटौर और दुर्गापुर में आयोजित शिविर में स्वच्छता, महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति 5.0 के प्रति ग्रामीणों को दी गई जानकारी

गोरखपुर | 13-Oct-2025 09:30 PM | 47 |
गोरखपुर
मानीराम-सिकटौर और दुर्गापुर में आयोजित शिविर में स्वच्छता, महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति 5.0 के प्रति ग्रामीणों को दी गई जानकारी

गोरखपुर, 12 अक्टूबर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (एमजीयूजी) के राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) स्वयंसेवकों ने रविवार को दो अलग-अलग गांवों में विशेष शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्वच्छता, महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति 5.0 के प्रति जागरूक किया।

एमजीयूजी के कृषि संकाय की पारिजात रासेयो इकाई ने ग्रामसभा मानीराम-सिकटौर में शिविर का आयोजन किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने गांव में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली और ग्रामीणों को सफाई के महत्व के साथ-साथ मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन और मार्गदर्शन अधिकारी डॉ. आयुष कुमार पाठक ने किया। डॉ. आयुष ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक सेवा भावना के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं, जिससे युवाओं में समाजिक जिम्मेदारी का भाव मजबूत होता है।

इसी क्रम में एमजीयूजी के नर्सिंग और पैरामेडिकल संकाय की अनुसुईया रासेयो इकाई ने ग्राम दुर्गापुर में एक दिवसीय शिविर आयोजित किया। इसमें स्वयंसेवकों ने ग्रामवासियों को महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति सचेत किया। ग्रामीणों को महिला सहायता एवं आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 102, 108 और 1076 के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सर्वेश यादव ने स्वयंसेवकों के प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण जीवन में जागरूकता और सुरक्षा की भावना को बढ़ाते हैं।

शिविर का संचालन और देखरेख एमजीयूजी में मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी सुमन यादव ने किया। उन्होंने बताया कि रासेयो के स्वयंसेवक ग्रामीण समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और स्थानीय लोगों को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

दोनों शिविरों ने न केवल ग्रामीणों को जागरूक किया, बल्कि युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता के विकास का भी उदाहरण प्रस्तुत किया। एमजीयूजी के रासेयो स्वयंसेवकों की यह पहल ग्रामीण समुदाय के लिए प्रेरक और लाभकारी साबित हो रही है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.