गोरखपुर। विश्व हिंदू परिषद द्वारा आगामी 22 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी हितचिंतक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत पूरे देश में 5 करोड़ हिंदुओं को हितचिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, वहीं विश्व हिंदू परिषद गोरक्ष प्रांत द्वारा प्रांत के सभी 194 प्रखंडों में संपर्क अभियान चलाकर 5 लाख हिंदुओं को हितचिंतक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उक्त जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री दीपेश ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद प्रत्येक तीन वर्ष में हिंदू समाज के बीच हितचिंतक बनाने का अभियान चलाता है।
हितचिंतकों के सहयोग से ही संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों,सामाजिक गतिविधियों एवं सेवा कार्यों का संचालन किया जाता है। यह अभियान संगठन और समाज के बीच संपर्क,सहयोग एवं सहभागिता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए गोरक्ष प्रांत में 500 से अधिक अल्पकालिक विस्तारकों की टोली बनाई गई है,जो प्रांत के गांव-गांव और घर-घर जाकर समाज के लोगों से संपर्क करेगी।
इसके साथ ही विश्व हिंदू परिषद के सभी प्रांत,विभाग, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता भी पूरी सक्रियता और मनोयोग से अभियान में सहभागिता करेंगे। प्रांत संगठन मंत्री ने बताया कि 22 नवंबर से प्रारंभ होकर 6 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को विश्व हिंदू परिषद के सेवा, सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद गोरक्ष प्रांत ने समस्त हिंदू समाज से इस अभियान में सहभागिता करने एवं हितचिंतक बनकर संगठन के सेवा कार्यों में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।










