सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

जिले में 10 गैस एजेंसियों पर छापेमारी : घरेलू गैस सिलेण्डरों की अनावश्यक बुकिंग व संग्रहण से बचें

सीकर | 14-Mar-2026 10:02 PM | 385 |
सीकर
घरेलू गैस सिलेण्डरों की अनावश्यक बुकिंग व संग्रहण से बचें

सीकर. खाद्य विभाग जयपुर तथा जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा के निर्देशानुसार जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों की अनावश्यक बुकिंग और संग्रहण पर रोक लगाने के लिए व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले की 10 गैस एजेंसियों पर उपखण्ड अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने छापेमारी कर व्यवस्थाओं की जांच की।

 

जांच अभियान के तहत उपखण्ड अधिकारी रामगढ़ शेखावाटी ने अम्बिका गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। वहीं उपखण्ड अधिकारी लक्ष्मणगढ़ ने सोमानी गैस एजेंसी लक्ष्मणगढ़ तथा लक्ष्मणगढ़ गैस सर्विस की जांच की। उपखण्ड अधिकारी रींगस द्वारा पवन गैस एजेंसी तथा उपखण्ड अधिकारी नीमकाथाना ने छावनी गैस एजेंसी और मोन्टू गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। इसी प्रकार उपखण्ड अधिकारी श्रीमाधोपुर ने मारूति नन्दन एचपी गैस सर्विस श्रीमाधोपुर की जांच की।

 

इसके अतिरिक्त जिला रसद अधिकारी सीकर और सीओ सिटी संदीप द्वारा सीकर शहर की कालेर गैस एजेंसी, देव गैस एजेंसी तथा भगवती गैस एजेंसी की भी जांच की गई। जांच के दौरान एजेंसियों पर उपलब्ध सिलेण्डरों का भौतिक सत्यापन किया गया और यह भी परखा गया कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुरूप गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराए जा रहे हैं या नहीं।

 

जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी एजेंसी द्वारा बुकिंग के अनुरूप गैस आपूर्ति नहीं की जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपखण्ड अधिकारियों के नेतृत्व में त्रिस्तरीय जांच कमेटी का गठन भी किया गया है, जो नियमित रूप से गैस एजेंसियों की निगरानी करेगी।

 

प्रशासन ने नगर परिषद और नगरपालिकाओं को निर्देश दिए हैं कि प्रमुख स्थानों पर गैस बुकिंग और शिकायत के लिए कस्टमर केयर नंबर 181, 112 और विभागीय हेल्पलाइन 14435 को होर्डिंग्स पर प्रदर्शित किया जाए। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 01572-251008 है।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में जिले में लगभग 21,500 सिलेण्डर स्टॉक में हैं तथा करीब 16,000 सिलेण्डरों की नई आपूर्ति भी हुई है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अनावश्यक बुकिंग या संग्रहण न करें और किसी भी अफवाह से बचें।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.