सीकर में नो पार्किंग और फुटपाथ अतिक्रमण पर बड़ा अभियान : बावड़ी गेट से टैक्सी स्टैंड तक संयुक्त अभियान, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाकर काटे गए चालान
सीकर. शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर और यातायात पुलिस ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर नो पार्किंग जोन तथा फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व नवनियुक्त यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने किया।
अभियान के दौरान बावड़ी गेट, सुभाष चौक, फतेहपुरी गेट से टैक्सी स्टैंड तक के क्षेत्र में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे गए। इसके साथ ही फुटपाथों और पटरी पर अवैध रूप से रेहड़ी-ठेले लगाकर यातायात एवं पैदल यात्रियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। नगर परिषद की टीम ने कई स्थानों से अतिक्रमण हटवाकर आमजन के लिए फुटपाथों को सुगम बनाया।
यातायात प्रभारी मनोज कुमार ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि फुटपाथ केवल पैदल यात्रियों के उपयोग के लिए हैं, इसलिए उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जाए। उन्होंने वाहन चालकों से भी निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने तथा नो पार्किंग क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा करने से बचने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद और यातायात पुलिस का यह संयुक्त अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नगर परिषद प्रवर्तन दस्ता प्रभारी सूबेदार राकेश कुमार, उनकी टीम तथा संबंधित क्षेत्र के जोन प्रभारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने नागरिकों से नियमों का पालन कर स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।