सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

सीकर में फूड सेफ्टी पर मेगा प्रशिक्षण : फोस्टेक प्रशिक्षण के जरिए स्वच्छता, पोषण और सुरक्षित खाद्य प्रथाओं पर दिया गया विशेष जोर

सीकर | 17-Mar-2026 09:59 PM | 385 |
सीकर
फोस्टेक प्रशिक्षण के जरिए स्वच्छता, पोषण और सुरक्षित खाद्य प्रथाओं पर दिया गया विशेष जोर

सीकर. खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में खाद्य व्यापारियों और फूड हैंडलर्स के लिए फोस्टेक (फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार को यह प्रशिक्षण सीकर शहर के दीवान जी की धर्मशाला तथा खाटूश्यामजी स्थित चौखानी धर्मशाला में संपन्न हुआ।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, खाद्य व्यवसाय संचालकों की क्षमता विकसित करना और सुरक्षित खाद्य प्रथाओं को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान जिलेभर के 1423 खाद्य व्यापारियों और फूड हैंडलर्स ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

 

अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि यह प्रशिक्षण खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में आयोजित किया गया। इसे मेगा फूड सेफ्टी ट्रेनिंग ड्राइव के रूप में संचालित किया गया, जिससे अधिकतम लोगों को लाभ मिल सके।

 

प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को मोटे अनाज के महत्व, संतुलित आहार, फल एवं सब्जियों के उपयोग और एफएसएसएआई के नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही रीयूज्ड कुकिंग ऑयल (आरयूसीओ) के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया।

 

एफएसएसएआई के ट्रेनर्स और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्वच्छ व सुरक्षित खाद्य सामग्री तैयार करने के मानकों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में होटल-रेस्टोरेंट संचालकों, डेयरी व्यवसायियों, किराना व्यापारियों, स्ट्रीट वेंडर्स, मिड डे मील कुक्स और अन्नपूर्णा रसोई से जुड़े फूड हैंडलर्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यह प्रशिक्षण खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.