सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

विवेकानंद जयंती पर शेखावाटी विश्वविद्यालय में ‘रन फॉर स्वदेशी’ का आयोजन : स्वदेशी अपनाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें : कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय

सीकर | 13-Jan-2026 10:29 AM | 385 |
सीकर
स्वदेशी अपनाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें : कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय

सीकर. पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर में राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में ‘रन फॉर स्वदेशी’ का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में 99 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कर स्वदेशी के संदेश के साथ दौड़ में भाग लिया।

 

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. राय ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक स्वाभिमान का प्रतीक है। युवाओं को स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचार “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” को आत्मसात करने का आह्वान किया।

 

रन फॉर स्वदेशी के उपरांत विवि परिसर में पीडीयूएस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्थापित ‘प्रत्युष हस्तशिल्प–प्रदर्शनी एवं बिक्री केंद्र’ का लोकार्पण किया गया। कुलगुरु प्रो. राय, पूर्व आईएएस अधिकारी श्याम सिंह राजपुरोहित तथा प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जयपुर की प्रेसिडेंट प्रो. रश्मि जैन ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कुलसचिव श्वेता यादव, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

कुलगुरु ने कहा कि यह बिक्री केंद्र ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा देगा और स्थानीय कारीगरों को स्थायी मंच प्रदान करेगा। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. डी.पी. सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी में दौलतपुरा, दादिया, दीनारपुरा, बेरी हरदयालपुरा व भदवासी क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।

 

इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में कम्प्यूटर विज्ञान विभाग की ओर से ‘डिजिटल फोरेंसिक और साइबर खतरे’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य वक्ता प्रो. अर्जुन चौधरी व डॉ. आदित्य ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल चुनौतियों पर विचार रखे। कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.