सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

चिकित्सा संस्थानों, शिक्षण संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनाया गया शक्ति दिवस : शरीर में न हो रक्त की कमी, आईएफए की खिलाई खुराक

सीकर | 03-Feb-2026 09:30 PM | 385 |
सीकर
शरीर में न हो रक्त की कमी, आईएफए की खिलाई खुराक

 सीकर. राज्य सरकार के एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान के तहत मंगलवार को जिलेभर में शक्ति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें एनीमिया से बचाव के लिए आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) की दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से खून की कमी की पहचान के लिए विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया।


जिले के चिकित्सा संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों, किशोर-किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की तथा रक्त की कमी से बचाव के लिए आयरन की गोलियां और छोटे बच्चों को आयरन सिरप पिलाया गया। जिले में प्रत्येक मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्रों, राजकीय विद्यालयों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप जिला अस्पताल और जिला अस्पताल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शक्ति दिवस का आयोजन किया जाता है।


अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हर्षल चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत 6 माह से 59 माह तक के बच्चों, पांच से नौ वर्ष तक के विद्यालय नहीं जाने वाले बच्चों, 10 से 19 वर्ष तक की विद्यालय नहीं जाने वाली किशोरियों तथा 20 से 24 वर्ष तक की विवाहित महिलाओं, गर्भवती और धात्री माताओं की आंगनबाड़ी केंद्रों पर आशा सहयोगिनियों द्वारा लक्षण आधारित जांच की गई और उन्हें आयरन की गोलियां उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने बताया कि कक्षा 5 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को राजकीय विद्यालयों में नियमित रूप से आयरन की गोलियां खिलाई गईं। साथ ही चिकित्सा संस्थानों पर भी विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों, किशोर-किशोरियों और महिलाओं को आईएफए की खुराक दी गई। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश को एनीमिया मुक्त बनाकर बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य में सुधार लाना है, जिससे स्वस्थ और खुशहाल समाज का निर्माण हो सके।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.