सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

गणतंत्र दिवस–2026 की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक : समयबद्ध दायित्व निर्वहन के निर्देश, 24 जनवरी को 13 विभागों की झांकियों व परेड का होगा पूर्वाभ्यास

सीकर | 20-Jan-2026 06:23 PM | 385 |
सीकर
समयबद्ध दायित्व निर्वहन के निर्देश, 24 जनवरी को 13 विभागों की झांकियों व परेड का होगा पूर्वाभ्यास

सीकर. गणतंत्र दिवस समारोह–2026 की पूर्व तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई तथा सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर ने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए इससे जुड़ी सभी तैयारियां उच्च गुणवत्ता और अनुशासन के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने झांकियों में नवाचार, रचनात्मकता एवं योजनाओं की प्रभावी प्रस्तुति पर विशेष जोर दिया।

बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परेड एवं व्यायाम प्रदर्शन के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उद्योग एवं वाणिज्य, जलदाय, जिला परिषद, यातायात, नगर परिषद, विद्युत विभाग, बाल अधिकारिता, पर्यटन, वन, कृषि–उद्यानिकी, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने बताया कि 24 जनवरी को 13 विभागों की झांकियों एवं परेड का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा, ताकि मुख्य समारोह के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे।

इसके अतिरिक्त समारोह स्थल पर पांडाल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम, फ्लैगशिप योजनाओं एवं राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज सभी प्रकरणों का 20 दिवस के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े प्रकरणों में तथ्यात्मक व संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत करने तथा आमजन से संवेदनशीलता के साथ संवाद स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.