सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

राजसखी एवं उद्योग मेले में उमड़ा उत्साह : लकी ड्रॉ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई रौनक

सीकर | 15-Mar-2026 10:22 PM | 385 |
सीकर
लकी ड्रॉ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई रौनक

सीकर. अर्बन हाट, सीकर में आयोजित राजसखी एवं उद्योग मेले में रविवार को उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। मेले में धोद एवं फतेहपुर क्षेत्र से लगभग 600 महिलाओं ने भाग लिया और विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर उत्साहपूर्वक खरीदारी की।

 

मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद और स्थानीय वस्तुओं की अच्छी मांग देखने को मिली। अधिकांश महिलाओं ने एक ही दुकान से 500 रुपये से अधिक की खरीदारी कर महिला समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों को प्रोत्साहित किया। इससे समूहों को आर्थिक रूप से भी लाभ मिला और उनके उत्साह में वृद्धि हुई।

 

मेले के दौरान दिन में महिलाओं के लिए कई खेलकूद गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। नींबू-चम्मच दौड़, रस्साकशी सहित कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। इन गतिविधियों के दौरान महिलाओं, बच्चों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

इसके बाद महिलाओं द्वारा की गई खरीदारी के आधार पर लकी ड्रॉ कूपन जमा करवाए गए। लकी ड्रॉ के माध्यम से कई महिलाओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। विजेताओं के नाम घोषित होते ही मेले में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।

 

सायंकाल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया। लोकगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पूरे मेले परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बन गया।

 

आयोजकों ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर महिला समूहों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील भी की।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.