सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर से खातेदारों को बड़ी राहत : लक्ष्मणगढ़ में वर्षों पुरानी भूमि विभाजन समस्या का मौके पर समाधान

सीकर | 24-Dec-2025 09:26 PM | 385 |
सीकर
लक्ष्मणगढ़ में वर्षों पुरानी भूमि विभाजन समस्या का मौके पर समाधान

सीकर. राजस्थान सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर 2025 ग्रामीणों के लिए राहत की किरण साबित हो रहे हैं। इसी क्रम में उपखण्ड अधिकारी लक्ष्मणगढ़ मोहर सिंह मीना के निर्देशन में भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त मुख्यालय पाटोदा में आयोजित फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर में खातेदारों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

शिविर के दौरान ग्राम बठोठ के खसरा संख्या 724, 725, 726 एवं 727 से संबंधित खातेदार ताराचंद, भंवरलाल, राजेन्द्र जांगिड़, ललित जांगिड़, संतोष देवी एवं तारामणी ने आपसी सहमति से भूमि विभाजन का निवेदन प्रस्तुत किया। इस पर उपखण्ड अधिकारी मोहर सिंह मीना ने त्वरित संज्ञान लेते हुए भू-अभिलेख निरीक्षक एवं संबंधित पटवारी को तुरंत विभाजन प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए शिविर में ही आवश्यक कार्यवाही पूरी कर विभाजन प्रस्ताव तैयार किया गया, जिससे खातेदारों को तत्काल राहत मिल सकी।

खातेदारों ने बताया कि राजस्व रिकॉर्ड में विभाजन दर्ज नहीं होने के कारण शामलाती खाता बना हुआ था। इससे उन्हें मकान निर्माण, भूमि रहन, फसल बीमा तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। वर्षों से लंबित इस समस्या के समाधान से खातेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई।

विभाजन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद खातेदारों ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन नहीं होता तो आपसी सहमति के बावजूद भूमि विभाजन संभव नहीं हो पाता। उन्होंने इस पहल को ग्रामीणों के हित में एक सराहनीय कदम बताया।

यह फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर न केवल प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम बना, बल्कि यह भी साबित हुआ कि संवेदनशील और सक्रिय प्रशासन से ग्रामीण समस्याओं का समाधान सरलता से किया जा सकता है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.