सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

खाटू मेला क्षेत्र में बाल श्रम व भिक्षावृत्ति के खिलाफ चला विशेष समझाइश अभियान : बाल कल्याण समिति और गायत्री सेवा संस्थान की संयुक्त पहल, 1098 पर सूचना देने की अपील

सीकर | 25-Feb-2026 10:32 PM | 385 |
सीकर
बाल कल्याण समिति और गायत्री सेवा संस्थान की संयुक्त पहल, 1098 पर सूचना देने की अपील

खाटूश्यामजी/सीकर. खाटू मेला क्षेत्र में बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति की रोकथाम को लेकर बुधवार को विशेष जागरूकता एवं समझाइश अभियान चलाया गया। यह अभियान बाल अधिकारिता विभाग की सहायक उपनिदेशक डॉ. गार्गी शर्मा के निर्देशन में बाल कल्याण समिति, सीकर एवं गायत्री सेवा संस्थान की संयुक्त टीम द्वारा संचालित किया गया।

 

टीम ने मेला क्षेत्र के विभिन्न होटल, ढाबों और दुकानों पर जाकर व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे किसी भी स्थिति में बाल श्रमिक नहीं रखें और बच्चों के किसी भी प्रकार के शोषण से दूर रहें। साथ ही यह अपील की गई कि यदि मेला क्षेत्र में कोई लावारिस बालक या बालिका दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें, ताकि समय रहते बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

अभियान के दौरान समिति अध्यक्ष अंकुर बहड़, सदस्य बिहारीलाल बालन तथा गायत्री सेवा संस्थान के जिला समन्वयक नरेश कुमार सैनी, अभिषेक बगड़िया एवं मीना कुमारी उपस्थित रहे।

 

समिति अध्यक्ष अंकुर बहड़ ने कहा कि खाटू मेला जैसे विशाल आयोजन में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति कानूनन अपराध हैं और इनके विरुद्ध सख्त प्रावधान हैं। हालांकि प्रशासन का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई से अधिक जागरूकता और सहयोग के माध्यम से बाल संरक्षण सुनिश्चित करना है।

 

गौरतलब है कि बाल कल्याण समिति की न्याय पीठ वर्तमान में मेला क्षेत्र में ही स्थापित है, जहां बच्चों से संबंधित मामलों के निर्णय मौके पर ही लिए जा रहे हैं। समिति सदस्य बिहारीलाल बालन ने समाज की सजगता को बच्चों की सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.