सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

जीणमाता मेले को लेकर प्रशासन सतर्क : एडीएम रतन कुमार ने ली समीक्षा बैठक

सीकर | 11-Mar-2026 10:37 PM | 385 |
सीकर
एडीएम रतन कुमार ने ली समीक्षा बैठक

जीणमाता/ सीकर. जिले की प्रसिद्ध शक्तिपीठ जीणमाता में 19 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित होने वाले 9 दिवसीय चैत्र नवरात्रा मेला 2026 को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। बुधवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने जीणमाता स्थित हर्ष जीण वाटिका धर्मशाला में मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

एडीएम रतन कुमार ने कहा कि मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू और व्यवस्थित रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस जाब्ते के साथ होमगार्ड्स, एनसीसी वालियंटर और मंदिर कमेटी के सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहेंगे।

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए कि मेले के दौरान 5 एम्बुलेंस और 5 मेडिकल टीमों का गठन कर डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

 

उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल की व्यवस्था, अजमेर विद्युत वितरण निगम को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा काजल शिखर और मंदिर क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं रसद विभाग को घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने और मिठाइयों की सैम्पलिंग करने को कहा गया।

 

एडीएम ने मंदिर क्षेत्र की तीन किलोमीटर परिधि में शराब बिक्री, पशुबलि और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था, पीडब्ल्यूडी को सड़कों की मरम्मत और कंटीली झाड़ियों की कटाई 16 मार्च से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में दांतारामगढ़ एसडीएम मौनिका सामौर, एएसपी तेजपाल सिंह, रींगस दीपक गर्ग, सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया सहित जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा मंदिर कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.