सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी ने अस्पताल परिसर में किए कंबल वितरित : श्री कल्याण राजकीय अस्पताल की सांझी रसोई में रोगियों व परिजनों को मिली राहत

सीकर | 14-Jan-2026 10:41 AM | 385 |
सीकर
श्री कल्याण राजकीय अस्पताल की सांझी रसोई में रोगियों व परिजनों को मिली राहत

सीकर. सर्द मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी सीकर द्वारा श्री कल्याण राजकीय अस्पताल स्थित सांझी रसोई परिसर में रोगियों एवं उनके परिजनों को कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोसायटी की ओर से कुल 50 कंबल वितरित किए गए। साथ ही स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक लाभार्थी को दो-दो साबुन भी प्रदान किए गए।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार स्वामी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति, सामाजिक संस्थाओं एवं भामाशाहों को ऐसे पुनीत कार्यों में आगे आकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने रेड क्रॉस सोसायटी के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की मदद से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।


इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष राकेश लाटा ने बताया कि संस्था द्वारा प्रतिवर्ष कंबल वितरण के साथ-साथ अनेक सामाजिक सरोकार के कार्य किए जाते हैं। इनमें मेडिकल कैंप का आयोजन, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, फर्स्ट एड किट का वितरण तथा खाटू श्याम जी मेले में चिकित्सा शिविरों का संचालन शामिल है।


सांझी रसोई के संयोजक कांति प्रसाद पंसारी ने जानकारी दी कि पिछले आठ वर्षों से अस्पताल में आने वाले रोगियों व उनके परिजनों को दोपहर एवं शाम का पौष्टिक भोजन मात्र 20 रुपए की रियायती दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस सेवा में रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्यों का निरंतर सहयोग मिलता रहा है।


कार्यक्रम में सोसायटी के कोषाध्यक्ष पन्नालाल सारडा सहित विनोद नायक, योगेंद्र पाल, रामगोपाल सोडाणी, मदनलाल भामु, रामावतार कुमावत, सुरेश चौधरी, सुनीता रेवाड़, पवन कुमार शर्मा, बृज किशोर, कृष्ण कुमार कुमावत सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.