कपिलवस्तु पुलिस ने विद्यालय चोरी का किया खुलासा : तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद
संवाददाता : अर्जुन कुमार अग्रहरी
सिद्धार्थनगर: थाना कपिलवस्तु पुलिस ने कंपोजिट विद्यालय चकई जोत में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विद्यालय से चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है। एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम मदरहना उर्फ रामनगर स्थित राजेडीहवा बाग के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमशंकर उर्फ प्रिंस कन्नौजिया, रोहित चौधरी तथा रोहित चौधरी उर्फ टकलू के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 31 जुलाई की रात उन्होंने कंपोजिट विद्यालय चकईजोत का ताला तोड़कर लैपटॉप, टैबलेट, इनवर्टर, बैटरी, प्रिंटर, माइक्रोस्कोप, साउंड सिस्टम सहित अन्य उपकरण चोरी किए थे। चोरी का सामान ऑटो रिक्शा में लादकर नेपाल में बेचने ले जाया जा रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, दो टैबलेट, इनवर्टर, बैटरी, दो माइक्रोस्कोप, 11 माइक्रो हेडफोन, प्रिंटर, वायरलेस कीबोर्ड, ऑप्टिक फाइबर सेट, डेस्कटॉप कंप्यूटर, चार साउंड सिस्टम, दो साइंस किट तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा (UP53 FT 7469) बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।