बूढ़ी राप्ती तटबंध पर कटाव निरोधक कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर जताया संतोष : भुतहिया के पास 235 मीटर लांचिंग एप्रन समेत सभी प्रस्तावित कार्य समय से पूर्ण, तकनीकी मानकों के अनुरूप मिला निर्माण
सिद्धार्थनगर : जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन ने सोमवार को बूढ़ी राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित लखनापार-बैदोला तटबंध के किलोमीटर 12.100 से 12.450 के मध्य ग्राम भुतहिया के समीप कराए गए कटाव निरोधक कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का जायजा लिया।
अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि परियोजना का कार्य निर्धारित समयसीमा 5 जुलाई 2026 तक पूर्ण कर लिया गया है। परियोजना के अंतर्गत 235 मीटर लंबाई में लांचिंग एप्रन, 120 मीटर एवं 115 मीटर लंबाई में स्टेप स्लोप पिचिंग, क्षतिग्रस्त शॉर्ट स्पर की मरम्मत एवं पुनर्स्थापन तथा नदी के डाउन स्ट्रीम में परक्यूपाइन स्थापित करने का कार्य कराया गया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य को स्वीकृत ड्राइंग एवं तकनीकी विशिष्टियों के अनुरूप पाया तथा कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को तटबंधों की नियमित निगरानी बनाए रखने और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता कृपा शंकर भारती सहायक अभियंता पंकज कुमार वर्मा जूनियर अभियंता अमरेश कुमार पाण्डेय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।