राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़ में पॉक्सो अधिनियम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित : छात्र-छात्राओं को अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी
सिद्धार्थनगर: 30 सितंबर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में 25 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों एवं विधिक परिणामों के प्रति विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़, सिद्धार्थनगर में छात्र-छात्राओं के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज (जू.डि.) एफटीसी प्रथम सिद्धार्थनगर श्रेय कुमार वर्मा ने की।
कार्यक्रम में उन्होंने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण तथा ऐसे अपराधों के कानूनी परिणामों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी अनुचित घटना या अपराध की स्थिति में तत्काल अभिभावक, शिक्षक, संबंधित सक्षम प्राधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा आपातकालीन पुलिस सेवा 112 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़ के प्रधानाचार्य दयाशंकर यादव का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए पॉक्सो अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम में पीएलवी अभय कुमार द्विवेदी ने भी सहयोग प्रदान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में न्यायिक अधिकारियों के माध्यम से प्रातःकालीन सभा के दौरान बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों एवं विधिक परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।