सिद्धार्थनगर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह पर प्रशासन सख्त : पेट्रोल पंप संचालकों को ड्रम-डब्बे में तेल न देने और गैस वितरण सामान्य रखने के निर्देश

सिद्धार्थनगर | 06-Mar-2026 04:39 PM | 242 |
सिद्धार्थनगर
पेट्रोल पंप संचालकों को ड्रम-डब्बे में तेल न देने और गैस वितरण सामान्य रखने के निर्देश

सिद्धार्थनगर जनपद में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन सतर्क हो गया है। इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर ईंधन की कमी की खबरें फैलने लगी थीं, जिसके बाद जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी कर जनपदवासियों को आश्वस्त किया कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की घबराहट या अनावश्यक भंडारण की जरूरत नहीं है।

जारी निर्देश में सभी पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे सामान्य रूप से ईंधन की बिक्री करें। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति ड्रम, कैन या डब्बे में बड़ी मात्रा में पेट्रोल या डीजल लेने की मांग करता है तो उसे सख्ती से मना कर दिया जाए, ताकि अनावश्यक जमाखोरी और अफवाहों को बढ़ावा न मिले।

इसके अलावा रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर भी जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस एजेंसियां पहले की तरह ही बुकिंग के अनुसार उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं। किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जिले में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक होने पर आगे भी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

 

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.