सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दशम् दीक्षान्त समारोह में शामिल हुईं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 37 मेधावियों को मिला स्वर्ण पदकसिद्धार्थनगर 29 जून 2026 :सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु सिद्धार्थनगर में आयोजि...
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के दशम् दीक्षान्त समारोह में शामिल हुईं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 37 मेधावियों को मिला स्वर्ण पदक
सिद्धार्थनगर 29 जून 2026 :
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु सिद्धार्थनगर में आयोजित दशम् दीक्षान्त समारोह में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर समारोह की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां शारदा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
समारोह में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की प्रोफेसर मधुलिका अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कुलपति प्रो. कविता शाह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को साझा किया।
अपने संबोधन में राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि सिद्धार्थनगर भगवान गौतम बुद्ध की पावन धरती है, जिसने पूरे विश्व को शांति और करुणा का संदेश दिया है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया तथा कहा कि उपाधि केवल प्रमाण-पत्र नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा की नई जिम्मेदारी है।
राज्यपाल ने विकसित भारत-2047 नवाचार जल संरक्षण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भर भारत पर विशेष जोर देते हुए युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान कुल 37 स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए जिनमें 28 छात्राएं एवं 09 छात्र शामिल रहे। साथ ही पीएचडी उपाधिधारकों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की उत्कर्ष स्मारिका एवं मासिक पत्रिका कनेक्ट का विमोचन किया गया। साथ ही वर्ष 2026 के डिग्री एवं अंकपत्र डिजिटल पोर्टल पर अपलोड किए गए। कार्यक्रम में नवनिर्मित बालगृह किलकारी एवं दिव्यांगजन सुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी का भी लोकार्पण किया गया।
राज्यपाल द्वारा 700 आंगनबाड़ किट वितरित की गईं तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु अधिकारियों को सम्मानित किया गया। एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ भी किया गया।
समारोह में सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, विधायक माता प्रसाद पाण्डेय, विधायक श्यामधनी राही विधायक विनय वर्मा पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि अधिकारी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : अर्जुन कुमार अग्रहरी PHM NEWS सिद्धार्थनगर