महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

पंकज चौधरी के अध्यक्ष बनने की उम्मीद से समर्थकों में खुशी : लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ के चलते पार्टी नेतृत्व की पसंद बने पंकज चौधरी

महराजगंज | 13-Dec-2025 10:16 PM | 234 |
महराजगंज
लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ के चलते पार्टी नेतृत्व की पसंद बने पंकज चौधरी

 

महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के पार्टी अध्यक्ष बनने की संभावनाओं को लेकर जिलेभर में समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक पकड़ और सरल व्यक्तित्व के कारण पंकज चौधरी को शीर्ष नेतृत्व की पसंद माना जा रहा है। पंकज चौधरी का राजनीतिक सफर तीन दशकों से अधिक पुराना है। वर्ष 1989 में नगर निगम गोरखपुर के पार्षद चुने जाने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में मजबूत पहचान बनाई। इसके बाद 1991 में मात्र 27 वर्ष की आयु में महराजगंज से सांसद चुने गए, जो उस समय जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि थी। कम उम्र में मिली इस सफलता ने उन्हें पार्टी का उभरता हुआ चेहरा बना दिया। उन्होंने 1991, 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 और 2024 में महराजगंज लोकसभा सीट से जीत दर्ज की और सांसद चुने गये। बीच के कुछ चुनावों में हार के बावजूद उन्होंने कभी राजनीतिक संघर्ष से मुंह नहीं मोड़ा और लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता से जुड़ाव बनाए रखा। उनकी सरल जीवनशैली और सहज व्यवहार ने उन्हें आम लोगों का नेता बनाया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंकज चौधरी ने न सिर्फ लोकसभा स्तर पर बल्कि जिला पंचायत जैसे स्थानीय निकायों में भी पार्टी को मजबूत आधार प्रदान किया। उनके प्रभाव के चलते जिले में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ा है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद पार्टी के लिए बड़ी ताकत मानी जाती है। वर्तमान में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को क्षेत्र तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उनके समर्थकों का कहना है कि यदि उन्हें पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलती है तो संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।पंकज चौधरी की संभावित ताजपोशी की चर्चाओं से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकेगा।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.