पोखरे में डूबने से 30 वर्षीय युवक की मौत, दो घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव : बरगदवा गांव में हादसे से मचा कोहराम, दमकल और पुलिस की रेस्क्यू टीम ने निकाला शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पी एच एम न्यूज (संवाददाता )
महराजगंज-जिले के बरगदवा थाना क्षेत्र के बरगदवा गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक को पोखरे से बाहर निकाला गया। नाजुक हालत में इलाज हेतू अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरगदवा गांव निवासी महेंद्र उर्फ छोटू पुत्र मंगरु (30)बुधवार दोपहर पोखरे के किनारे खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पोखरे में गिर गया। घटना को देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची बरगदवा पुलिस ने ग्रामीण तैराकों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया। टीम ने लगभग दो घंटे तक लगातार खोजबीन की और कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को पोखरे से बाहर निकाला गया घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।बरगदवा थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।