गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा: तीन दिनों में 30,963 अभ्यर्थी अनुपस्थित : 44 केंद्रों पर छह पालियों में हुई परीक्षा

गोरखपुर | 10-Jun-2026 08:17 PM | 47 |
गोरखपुर
44 केंद्रों पर छह पालियों में हुई परीक्षा

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा जनपद गोरखपुर में तीन दिनों तक कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। 8 जून से 10 जून तक कुल छह पालियों में आयोजित परीक्षा में प्रशासन ने निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। हालांकि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, छह पालियों में कुल 1,16,784 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन 30,963 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहले दिन 10,691 और दूसरे दिन 10,230 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी, जबकि अंतिम दिन भी 10,042 अभ्यर्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए।

तीसरे दिन प्रथम पाली में 19,464 में से 14,411 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 5,053 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 19,464 में से 14,477 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,989 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार अंतिम दिन कुल 10,042 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

भर्ती परीक्षा के लिए जनपद में कुल 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रत्येक पाली में 19,464 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सघन चेकिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया था।

परीक्षा के दौरान डीआईजी एस. चन्नप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार तथा एसपी सिटी निमिष पाटिल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रशासन के अनुसार तीनों दिनों में परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक सतर्कता और मजबूत व्यवस्थाओं के चलते भर्ती परीक्षा का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सका।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.