गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

रील बनाते समय सरोवर में डूबा 16 वर्षीय शिवम, एसडीआरएफ ने शुरू किया रेस्क्यू : गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

गोरखपुर | 10-Jun-2026 10:08 PM | 47 |
गोरखपुर
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र के भौवापार स्थित शिव मंदिर सरोवर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ रील बनाने गए 16 वर्षीय किशोर शिवम गुप्ता सरोवर में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और किशोर की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार बेलीपार क्षेत्र के बगही गांव निवासी शिवम गुप्ता (16) पुत्र भोला गुप्ता अपने तीन दोस्तों के साथ एक बाइक से भौवापार स्थित शिव मंदिर सरोवर पर गया था। वहां पहुंचने के बाद चारों दोस्त सोशल मीडिया के लिए रील बनाने लगे। बताया जा रहा है कि दो दोस्त सरोवर में स्नान करने उतर गए, जबकि अन्य दो मोबाइल से वीडियो बना रहे थे।
इसी दौरान शिवम गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घबराए दोस्तों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने भी किशोर को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम द्वारा सरोवर में सर्च ऑपरेशन चलाकर किशोर की तलाश की जा रही है। देर शाम तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों की भीड़ सरोवर के आसपास जुटी रही। पुलिस ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच भी की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर गहरे जलाशयों के पास लापरवाही और सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे वीडियो बनाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.