गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

पिपराइच थाने में पुलिस की बर्बरता का आरोप: दो युवकों की पिटाई : आरक्षी अजय यादव निलंबित

गोरखपुर | 30-Jun-2026 10:40 PM | 47 |
गोरखपुर
आरक्षी अजय यादव निलंबित

गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आपसी विवाद के बाद थाने पहुंचे दो युवकों के साथ कथित रूप से पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए महमूदाबाद निवासी 28 वर्षीय अब्दुल रहीम का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी आरक्षी अजय यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:45 बजे अब्दुल रहीम और उसके साले शाहरुख के बीच खाना खाने को लेकर विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद फिर दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस दोनों को पिपराइच थाने ले आई।
परिजनों का आरोप है कि थाने में मौजूद आरक्षी अजय यादव शोर-शराबे से नाराज हो गए और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि पहले शाहरुख की पिटाई की गई, जो किसी तरह वहां से निकल गया। इसके बाद अब्दुल रहीम को पकड़कर डंडों से पीटा गया, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
रहीम की हालत बिगड़ने पर उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजन और स्थानीय लोग पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रथम दृष्टया आरोपी पाए गए आरक्षी अजय यादव को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभागीय जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.