गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

मानव सम्पदा पोर्टल की गलत प्रविष्टियों से 300 कर्मचारी प्रभावित, एनपीएस भुगतान अटका : सेवानिवृत्त कर्मियों का एनपीएस भुगतान भी महीनों से लंबित।

गोरखपुर | 09-Jun-2026 07:35 PM | 47 |
गोरखपुर
सेवानिवृत्त कर्मियों का एनपीएस भुगतान भी महीनों से लंबित।

गोरखपुर। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के लगभग 300 कर्मचारी मानव सम्पदा पोर्टल पर दर्ज गलत प्रविष्टियों के कारण गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। प्रभावित कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद को लिखित शिकायत देकर मामले के शीघ्र समाधान की मांग की है।
परिषद को दी गई शिकायत के अनुसार लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-3, गोरखपुर में बेलदार पद से 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी श्री अदालत की जन्मतिथि मानव सम्पदा पोर्टल पर गलत दर्ज कर दी गई है। पोर्टल पर उनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 1995 अंकित है, जबकि वास्तविक जन्मतिथि 2 जून 1965 है।
कर्मचारी नेताओं का कहना है कि केवल जन्मतिथि ही नहीं, बल्कि अवकाश एवं अन्य सेवा संबंधी विवरणों में भी व्यापक स्तर पर त्रुटियां हैं। इन गलत प्रविष्टियों के कारण विभाग के करीब 300 कर्मचारी प्रभावित हैं और अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
श्री अदालत ने बताया कि मानव सम्पदा पोर्टल तथा एनएसडीएल में गलत फीडिंग के कारण उनका एनपीएस पेंशन भुगतान लगभग 11 माह से लंबित है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों द्वारा लेखाधिकारी एवं कोषागार, गोरखपुर को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद लगातार विभाग और कोषागार कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें उनका वैध भुगतान नहीं मिल पाया है, जिससे आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग में मेठ पद पर कार्यरत रहे सुभाष पांडेय भी गलत प्रविष्टियों के कारण सेवानिवृत्ति के बाद भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी देयकों का भुगतान 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिषद अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल मामले का संज्ञान लेकर सभी त्रुटियों को ठीक कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो परिषद कर्मचारी हित में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
इस मुद्दे को लेकर बुधवार को भोजनावकाश के दौरान लोक निर्माण विभाग परिसर में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने की तथा संचालन मदन मुरारी शुक्ल ने किया।
बैठक में अशोक पांडेय, पंडित श्याम नारायण शुक्ल, अनूप कुमार, अनिल द्विवेदी, राजेश मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली, विनीता सिंह, सूर्यवेद यादव, रामधनी पासवान, निसार अहमद सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.