गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर में पीएसी वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत : परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

गोरखपुर | 12-Jun-2026 09:22 PM | 47 |
गोरखपुर
परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

गोरखपुर। जिले के गीडा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। नौसड़ क्षेत्र के बहरामपुर दक्षिणी गांव के पास रॉन्ग साइड से आ रहे पीएसी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और परिजनों तथा ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब छह बजे हुआ। चकरा अव्वल थाना राजघाट निवासी राज निषाद (18) पुत्र रामधारी तथा बहरामपुर दक्षिणी थाना गीडा निवासी अमित निषाद (19) पुत्र महेंद्र बाइक से गोरखपुर-राजघाट पुल की ओर से नौसड़ की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रॉन्ग साइड से तेज गति में आ रहे पीएसी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक वाहन के नीचे आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। युवकों की मौत से गुस्साए लोगों ने शवों को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गीडा समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन धरना समाप्त करने पर राजी हुए।
करीब दो घंटे बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जाम हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम थीं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की जिम्मेदारी तय करने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.