गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

संचारी रोग नियंत्रण को लेकर नगर निगम सख्त : सफाई अभियान और फॉगिंग के दिए निर्देश

गोरखपुर | 02-Jul-2026 10:40 PM | 47 |
गोरखपुर
सफाई अभियान और फॉगिंग के दिए निर्देश

गोरखपुर। बरसात के मौसम में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर गोरखपुर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में शहरभर में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, नालों की नियमित सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, ब्लीचिंग, मेलाथियान का छिड़काव तथा फॉगिंग अभियान को निर्धारित रोस्टर के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि सभी वार्डों में छोटी पोकलेन मशीनों के माध्यम से नियमित सफाई कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि व्यावसायिक क्षेत्रों में नालों की सफाई रात्रि के समय कराई जाए, ताकि दिन के समय यातायात और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों। साथ ही वार्डों की छोटी नालियों की सफाई सुपरवाइजर की निगरानी में सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों और जोनल सेनेटरी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में तय रोस्टर के अनुसार एंटी लार्वा छिड़काव, ब्लीचिंग, मेलाथियान का छिड़काव और फॉगिंग नियमित रूप से कराई जाए। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से प्रतिदिन चार मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसे और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि खाली पड़े प्लॉटों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की समय-समय पर सफाई कराते हुए वहां एंटी लार्वा का छिड़काव अनिवार्य रूप से कराया जाए। प्रत्येक क्षेत्र के लिए माइक्रो प्लान तैयार कर सफाई कार्य को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने पुराने टायरों की दुकानों और कबाड़ी बाजारों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर वर्षा का पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए यहां नियमित रूप से एंटी लार्वा छिड़काव कराया जाए। साथ ही प्रत्येक वार्ड में दो-दो कर्मचारियों की तैनाती कर एंटी लार्वा छिड़काव और डस्टिंग का कार्य नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
अजय जैन ने अधिकारियों और कर्मचारियों से संचारी रोग नियंत्रण अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त, सभी जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक एवं जोनल सेनेटरी अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.