देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

टायर फटने से अनियंत्रित हुई स्कूल बस, ई-रिक्शा से टकराई : चालक की मौत, 13 घायल

देवरिया | 11-Aug-2026 04:24 PM | 548 |
देवरिया
चालक की मौत, 13 घायल

टायर फटने से अनियंत्रित हुई स्कूल बस, ई-रिक्शा से टकराई; चालक की मौत, 13 घायल
देवरिया। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के हाटा-गौरीबाजार मार्ग पर देवगांव मोड़ के पास मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे स्कूल बस का अगला बायां टायर फटने से बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार नौ शिक्षक-शिक्षिकाओं और ई-रिक्शा में सवार चार बच्चों को सामान्य चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार एसबीटी पब्लिक स्कूल की बस संख्या UP 52 T 7947 (फोर्स) शिक्षकों को उनके निर्धारित स्थानों से लेकर विद्यालय जा रही थी। बस को गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सवना लक्ष्मन निवासी प्रवीण यादव चला रहे थे। देवगांव मोड़ के समीप अचानक बस के आगे बायीं ओर का टायर फट गया। इससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस आगे चल रहे ई-रिक्शा से जा टकराई।
हादसे में ई-रिक्शा चालक अकबर अली (निवासी विशुनपुरा, थाना गौरीबाजार) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया स्थित मार्चरी हाउस भेज दिया।
सीओ सलेमपुर ने अस्पताल पहुंचकर ली घायलों की जानकारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी सलेमपुर अस्पताल पहुंचे और घायलों व उनके स्वजन से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और चल रहे उपचार की जानकारी ली। साथ ही आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। घटनास्थल पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.