थाना समाधान दिवस में 106 प्रार्थना पत्र आए, 20 का मौके पर निस्तारण
देवरिया। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर ने थाना रामपुर कारखाना पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल सात प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस टीम गठित की गई।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने थाना बघौचघाट में जनसुनवाई की। यहां चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें दो का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों के लिए संयुक्त टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी थानों में डेस्क सिस्टम के तहत हल्का प्रभारी और बीट पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की अलग-अलग डेस्क लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।
थाना समाधान दिवस के दौरान जिले के सभी थानों पर कुल 106 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 20 का त्वरित निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।