देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त : दो ठेकेदारों पर एफआईआर के निर्देश

देवरिया | 07-Jul-2026 05:29 PM | 548 |
देवरिया
दो ठेकेदारों पर एफआईआर के निर्देश

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, दो ठेकेदारों पर एफआईआर के निर्देश
देवरिया: जिले में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और लापरवाही पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सभी परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही तीन अधिकारियों का एक-एक दिन का वेतन रोकने और दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने जीएसटी कार्यालय के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी कि समय सीमा के भीतर काम पूरा न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता नलकूप, अधिशासी अभियंता जल निगम (नगरीय) और जिला पर्यटन अधिकारी की कार्यप्रगति असंतोषजनक मिलने पर उनका एक-एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों में लापरवाही मिलने पर डीएम ने परासी-चकलाल मार्ग निर्माण से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं जल निगम की भुजौली कॉलोनी में चल रही निर्माणाधीन परियोजना में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा करते हुए ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शीघ्र पूरा कर हैंडओवर करने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परियोजना में गुणवत्ता से समझौता या कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.