मिशन शक्ति के तहत देवरिया में चला 'बहू-बेटी अभियान', महिलाओं को किया जागरूकदेवरिया। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को देवरिया जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने परित्यक्ता, ...
मिशन शक्ति के तहत देवरिया में चला 'बहू-बेटी अभियान', महिलाओं को किया जागरूक
देवरिया। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को देवरिया जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित एवं दहेज उत्पीड़न की शिकार महिलाओं और बालिकाओं के उत्थान, स्वावलंबन व सशक्तिकरण के उद्देश्य से जिलेभर में "बहू-बेटी अभियान" चलाया।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में विभिन्न गांवों और कस्बों में चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं, आत्मनिर्भरता, महिला सुरक्षा तथा नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए)-2023—की जानकारी दी गई।
थाना बघौचघाट की टीम ने ग्राम रामपुर महुआवारी, रुद्रपुर ने रामलक्ष्मण, मदनपुर ने गंगाचक, एकौना ने भगवान माझा, भाटपार रानी ने पड़री उमराव, भटनी ने जलपा माता मंदिर परिसर, खामपार ने बंधी बाबू तथा सुरौली ने लक्ष्मीपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
अभियान के दौरान महिलाओं को दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध से बचाव, कानूनी सहायता, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। इसके अलावा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी प्रावधानों की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए।