मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक
देवरिया,। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में गुरुवार को जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों और धार्मिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया गया।
बरहज थाना क्षेत्र में सरयू घाट, कोतवाली क्षेत्र के मोतीलाल रोड स्थित शिव मंदिर, गौरीबाजार क्षेत्र के चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज देवगांव तथा रामपुर कारखाना क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति टीमों ने छात्राओं एवं महिलाओं को पंपलेट वितरित किए। उन्हें सरकार की महिला सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 समेत विभिन्न आपातकालीन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।
पुलिस विभाग ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान आगे भी जिलेभर में लगातार चलाया जाएगा।