देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

देवरिया में रसोई गैस की होम डिलीवरी कल से बहाल : कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

देवरिया | 13-Mar-2026 07:08 PM | 548 |
देवरिया
कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई


देवरिया, 13 मार्च। जनपद में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी और फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने स्पष्ट किया है कि शनिवार से पूरे जिले में गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी फिर से पूरी तरह शुरू कर दी जाएगी।
शुक्रवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों, मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर वितरण व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने बताया कि गैस सिलेंडरों का वितरण “पहले बुकिंग, पहले डिलीवरी” के आधार पर किया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं ने पहले बुकिंग कराई है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी और सभी लंबित बुकिंग क्रमवार पूरी की जाएंगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी कारण से उपभोक्ताओं को OTP या DAC (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) प्राप्त नहीं होता है, तब भी गैस उपलब्ध कराई जाएगी। एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी वितरण सूची के आधार पर उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें।
कालाबाजारी पर कड़ी चेतावनी
जिलाधिकारी ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
सुरक्षा व व्यवस्था के लिए तैनाती
गैस वितरण के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम, एसएचओ और होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। यदि वितरण के समय किसी प्रकार की अव्यवस्था, अभद्रता या बाधा उत्पन्न होती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस की बुकिंग ऑनलाइन या मिस्ड कॉल के माध्यम से करें और अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए होम डिलीवरी को प्राथमिकता दें। गैस गोदामों पर यह भी सूचना प्रदर्शित की जाएगी कि किस तारीख तक की बुकिंग का वितरण किया जा रहा है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सभी एसडीएम, सभी सीओ तथा गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए उपभोक्ता 05568-469715 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में गैस की समय पर और पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.