जनता दर्शन में असहाय महिला को मिली सरकारी योजनाओं की सौगात : दिव्यांग को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल के निर्देश
जनता दर्शन में असहाय महिला को मिली सरकारी योजनाओं की सौगात, दिव्यांग को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल के निर्देश
देवरिया,
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान भाटपाररानी तहसील के बेलपार पंडित गांव निवासी असहाय महिला सोनी देवी को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की गई।
सोनी देवी ने बताया कि वर्ष 2021 में उनके पति का निधन हो चुका है और वह अपनी बुजुर्ग सास व पुत्री के साथ बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही हैं। उन्होंने अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने की मांग की। महिला की स्थिति को देखते हुए डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल अंत्योदय कार्ड जारी कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही प्रोबेशन विभाग को निराश्रित महिला पेंशन, पुत्री मानसी को कन्या सुमंगला योजना से जोड़ने, जिला समाज कल्याण अधिकारी को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत आवश्यक कार्रवाई करने, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। डीएम ने मानसी को नियमित विद्यालय भेजने और उसकी शिक्षा जारी रखने के लिए भी प्रेरित किया।
जनसुनवाई के दौरान थाना सुरौली क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी दिव्यांग रविंद्र यादव ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन दिया। इस पर जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।