डीएम के औचक निरीक्षण से ब्लॉक कार्यालय में मचा हड़कंप, अधिकांश कर्मचारी मिले नदारददेवरिया, 30 जून। विकास खंड रामपुर कारखाना कार्यालय में मंगलवार सुबह जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के औचक निरीक्षण से हड़कं...
डीएम के औचक निरीक्षण से ब्लॉक कार्यालय में मचा हड़कंप, अधिकांश कर्मचारी मिले नदारद
देवरिया, 30 जून। विकास खंड रामपुर कारखाना कार्यालय में मंगलवार सुबह जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के औचक निरीक्षण से हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कार्यों की प्रगति के संबंध में भी जिम्मेदार अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सुबह करीब 10 बजे पहुंचे जिलाधिकारी ने कार्यालय की उपस्थिति और विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। पंचायत सचिव के संबंध में दूरभाष पर जानकारी लेने पर उन्होंने स्वयं को फील्ड में बताया, जबकि इसकी पूर्व सूचना एडीओ पंचायत को नहीं दी गई थी। वहीं बीएमएम भी अनुपस्थित पाए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति रिपोर्ट मांगे जाने पर संबंधित अधिकारी संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। मनरेगा कार्यों की प्रगति बताने के लिए भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं और निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि नियमित जनसुनवाई कर आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।