देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

देवरिया में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ : 5.68 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

देवरिया | 28-Jun-2026 04:44 PM | 548 |
देवरिया
5.68 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

देवरिया में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 5.68 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
देवरिया। जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज (एमसीएच विंग) से हुई। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता और मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो रोधी दवा पिलाना जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से अभियान के दौरान दूर-दराज के गांवों तक पहुंच सुनिश्चित करने और शून्य से पांच वर्ष तक के किसी भी बच्चे को खुराक से वंचित न रहने देने की अपील की।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले में पांच वर्ष तक के 5.68 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज सहित सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पोलियो बूथ बनाए गए हैं। बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांजिट टीमें भी तैनात की गई हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।
अभियान के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिन्हा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पांडेय, डॉ. कार्तिक पांडेय, डिप्टी डीआईओ डॉ. विपिन रंजन, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि, विश्वनाथ मल्ल तथा सीफार, जेएसआई, डब्ल्यूएचओ और यूएनडीपी के जिला प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बरहज में बूथ का निरीक्षण
अभियान के दौरान सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बरहज स्थित पोलियो बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं के रखरखाव, कोल्ड चेन व्यवस्था तथा बच्चों को दी गई खुराक का जायजा लिया और स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान पूरी सतर्कता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.