देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

देवरिया में कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा प्रहार : 18 ड्रम डीजल जब्त, दो पर एफआईआर

देवरिया | 28-Mar-2026 09:27 AM | 548 |
देवरिया
18 ड्रम डीजल जब्त, दो पर एफआईआर


देवरिया, 27 मार्च। पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी पर सख्ती दिखाते हुए जनपद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देश पर चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत रुद्रपुर क्षेत्र में अवैध रूप से भंडारित हाई स्पीड डीजल बरामद किया गया। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
उपजिलाधिकारी रुद्रपुर के नेतृत्व में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे ग्राम जोगिया खुर्द में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान वीरबहादुर यादव के पक्के मकान से 15 प्लास्टिक ड्रम (प्रत्येक 200 लीटर क्षमता) में करीब 3000 लीटर हाई स्पीड डीजल बरामद हुआ। मौके पर भंडारण से संबंधित कोई वैध अभिलेख या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इसके बाद टीम ने अपराह्न करीब तीन बजे गांव के ही रामानंद यादव के यहां छापा मारा, जहां से तीन ड्रम में लगभग 550 लीटर डीजल बरामद किया गया। यहां भी अवैध भंडारण की पुष्टि हुई और कोई वैध अनुमति नहीं मिली।
जांच में सामने आया कि दोनों मामलों में हाई स्पीड डीजल का भंडारण अवैध रूप से किया जा रहा था, जो हाई स्पीड डीजल (आवंटन एवं नियंत्रण) आदेश, 1981 का उल्लंघन है। यह कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध है।
बरामद डीजल को कब्जे में लेकर थाना कोतवाली रुद्रपुर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने और नियमित जांच अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.