देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

मेहनत का मिला सम्मान : छात्रों के चेहरों पर खिली मुस्कान

देवरिया | 31-Mar-2026 03:48 PM | 548 |
देवरिया
छात्रों के चेहरों पर खिली मुस्कान

देवरिया। शहर के नेशनल पब्लिक स्कूल, सोदा में वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री श्रुति शर्मा उपस्थित रहीं, जबकि विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजय शंकर मिश्रा, निदेशक राजीव शंकर मिश्रा एवं प्रधानाचार्य मृदुला सिंह बघेल ने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। यूकेजी के विद्यार्थियों का दीक्षांत संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों के नृत्य एवं गीतों ने सभी का मन मोह लिया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से ₹1100 की छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि यह दिन केवल पुरस्कार प्राप्त करने का नहीं, बल्कि वर्षभर की मेहनत और अनुशासन का उत्सव है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करने और असफलताओं से सीख लेने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजय शंकर मिश्रा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और व्यक्तित्व का विकास करना है। वहीं प्रधानाचार्य मृदुला सिंह ने छात्रों को सफलता को निरंतर प्रयास से जोड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिकाओं एवं छात्रों ने संयुक्त रूप से किया। अंत में भटनी शाखा की प्रधानाचार्या अंजू मिश्रा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.