भटनी में हत्या के आरोपित को पुलिस ने दबोचा, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद
देवरिया। भटनी थाना पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित एक आरोपित को गुरुवार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। आरोपित को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान दिलखुश (18) पुत्र काशी प्रसाद निवासी हतवा वार्ड नंबर-1, कस्बा भटनी के रूप में हुई है। उसे चांदपार अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि चार अगस्त की रात करीब नौ बजे हतवा स्थित हनुमान मंदिर के पास आपसी विवाद में आरोपित ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया था। घायल युवक की बाद में मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पिता रंजीत बासफोर की तहरीर पर भटनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर हत्या की धारा बढ़ाई गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।