लाभांश बढ़ने से बढ़ा कोटेदारों का सम्मान : मिली ‘अन्नपूर्णा केंद्र संचालक’ की नई पहचान
लाभांश बढ़ने से बढ़ा कोटेदारों का सम्मान, मिली ‘अन्नपूर्णा केंद्र संचालक’ की नई पहचान
देवरिया, 17 अगस्त। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 30 प्रतिशत की वृद्धि की मुख्यमंत्री की घोषणा से जिले के कोटेदारों में खुशी की लहर है। सोमवार को जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं ने भाग लिया।
जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम का आयोजन सांसद शशांक मणि त्रिपाठी एवं विधायक शलभ मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख/प्रशासक सदर पिंटू जायसवाल, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और जिला पूर्ति अधिकारी संजय पांडेय मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में उपस्थित उचित दर विक्रेताओं ने लखनऊ के लोक भवन से मुख्यमंत्री के संबोधन और लाभांश वृद्धि की घोषणा का सजीव प्रसारण देखा और सुना। घोषणा पर कोटेदारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार के निर्णय का स्वागत किया।
सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से उनका सम्मान बढ़ा है और आर्थिक रूप से भी उन्हें लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोटेदारों के मान-सम्मान में वृद्धि हुई है और जनता का विश्वास भी मजबूत हुआ है। अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से उचित दर विक्रेता अब 39 प्रकार की खाद्य एवं आवश्यक सामग्री का विक्रय कर सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि कोटेदारों के लिए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें वेयरहाउस की सुविधा भी होगी, जिससे आवश्यक वस्तुओं का सुरक्षित रख-रखाव और स्वतंत्र रूप से बिक्री की जा सकेगी।
विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं को सम्मानजनक नई पहचान देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अब उन्हें ‘अन्नपूर्णा केंद्र संचालक’ के रूप में पहचान मिलने से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि कोटेदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए लाभांश बढ़ाया गया है। उचित दर विक्रेताओं के प्रयासों से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है और शिकायतों में कमी आई है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि उचित दर विक्रेता प्रशासन और जरूरतमंद उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। लाभांश में वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे और बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी संजय पांडेय ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी उचित दर विक्रेताओं ने धैर्य और साहस का परिचय दिया है। कोरोना काल में भी उन्होंने खाद्यान्न, नमक, तेल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण सुनिश्चित कर शासन की मंशा को पूरा किया। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
सातों विधानसभा क्षेत्रों में हुआ प्रसारण
जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण कराया गया। सलेमपुर में ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। भाटपाररानी में विधायक सभा कुंवर कुशवाहा, रुद्रपुर में विधायक जयप्रकाश निषाद और रामपुर कारखाना में विधायक सुरेंद्र चौरसिया की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही एवं नगर पंचायत अध्यक्ष की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। बरहज विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड सभागार में भी ब्लॉक प्रमुखों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सजीव प्रसारण कराया गया।
सलेमपुर में राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि सरकार ने कोटेदारों के सम्मान को बढ़ाने के उद्देश्य से उनके लाभांश में 30 प्रतिशत की वृद्धि की है। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने 500 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। इन भवनों में खाद्य एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के सुरक्षित रख-रखाव के लिए वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
भाटपाररानी, रामपुर कारखाना और रुद्रपुर के विधायकों ने भी सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि लाभांश बढ़ने के साथ कोटेदारों का सम्मान और सामाजिक पहचान भी बढ़ेगी। कार्यक्रमों में मौजूद उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत किया।