हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली तिरंगा रैली
देवरिया। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल के तत्वावधान में शुक्रवार को पीआरडी स्वयंसेवकों एवं युवक मंगल दल के सदस्यों ने तिरंगा रैली निकाली। रैली का शुभारंभ विकास भवन परिसर से हुआ और रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर समापन हुआ।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में शामिल पीआरडी स्वयंसेवकों और युवक मंगल दल के सदस्यों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
रैली विकास भवन से निकलकर शिव मंदिर और बस स्टैंड होते हुए रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी निखिल आनंद, संतोष यादव, अर्जुन सिंह, आशीष सिंह, कुलदीप सिंह, युवक मंगल दल अध्यक्ष विकास यादव तथा पीआरडी स्वयंसेवक ओम प्रकाश और रत्नेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। रैली के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल रहा। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।