बुलंदशहर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / बुलंदशहर
🚨 Breaking News | बुलंदशहर

शांति और सौहार्द के साथ मनाएं त्यौहार, बैठक में एसडीएम और सीओ ने दिए निर्देश : जनसुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बुलंदशहर | 26-Feb-2026 08:48 PM | 500 |
बुलंदशहर
जनसुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जहांगीराबाद। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए गुरुवार को थाने में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी प्रियंका गोयल और क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। ​बैठक में मौजूद डीजे संचालकों को एसडीएम प्रियंका गोयल ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जुलूस या कार्यक्रमों के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है। भड़काऊ या अश्लील गाने बजाने पर संचालक के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ​त्यौहारों के दौरान आमजन को असुविधा न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया जैसे नगरपालिका को साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था करने, मार्ग में पड़ने वाले अतिक्रमण को हटाने और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए और जुलूस के रास्तों पर झूलते हुए बिजली के तारों को ऊंचा करने और त्यौहार के दिनों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग को कहा गया। वहीं दूसरी तरफ क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप सिंह ने कहा कि त्यौहार आपसी प्रेम और सद्भाव का प्रतीक हैं। यदि कोई भी अराजक तत्व सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करेगा, तो पुलिस उससे सख्ती से निपटेगी। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की गश्त बढ़ाई जाएगी और सादे कपड़ों में भी पुलिस तैनात रहेगी। बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं शांति बैठक में मौजूद पालिकाध्यक्ष किशनपाल लोधी ने कस्बे की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखने की अपील करते हुए दोनों समुदायों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं। बैठक में थाना प्रभारी संजेश कुमार, पालिका ईओ मणिजी सैनी, शहर इमाम डॉ. कलीमुर्रेहमान बुखारी, आदेश शर्मा, अनीश, हरीश सिसौदिया, संजय सैनी सहित कस्बे के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों व विभिन्न गांवों के सामाजिकजन उपस्थित रहे और प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.