पीएचएम न्यूज़।
मनोज गर्ग।
बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर की दीर्घायु की कामना, भाइयों ने उपहार देकर निभाया स्नेह और सुरक्षा का वचन।
जहांगीराबाद। नगर एवं क्षेत्र में भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्सवी माहौल देखने को मिला। बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं दीर्घायु की कामना की।
वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा करने और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। भैया दूज के अवसर पर बाजारों में भी खूब चहल-पहल देखने को मिली। मिठाइयों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
बहनों ने भाइयों का तिलक कर उन्हें मिठाई खिलाई और परिवार के साथ मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान घरों में पकवान बनाए गए और भाई-बहनों ने एक-दूसरे के प्रति प्रेम एवं अपनत्व का इजहार किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भैया दूज का संबंध मृत्यु के देवता यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ा हुआ है।
मान्यता है कि यमुना अपने भाई यमराज को बार-बार अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करती थीं। एक दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। यमुना ने प्रसन्न होकर उनका स्वागत किया, तिलक लगाया, आरती उतारी और उन्हें भोजन कराया।
बहन के इस स्नेह और सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर तिलक करवाएगा और भोजन करेगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। तभी से यह पर्व यम द्वितीया अथवा भैया दूज के रूप में मनाया जाने लगा। एक अन्य पौराणिक कथा के अनुसार, नरकासुर का वध करने के बाद भगवान श्रीकृष्ण अपनी बहन सुभद्रा से मिलने पहुंचे थे।
सुभद्रा ने अपने भाई का फूलों और मिठाइयों से स्वागत किया तथा उनके माथे पर तिलक लगाकर मंगलकामना की। इसी परंपरा को भी भैया दूज के पर्व से जोड़कर देखा जाता है। भैया दूज का पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, समर्पण और पारिवारिक रिश्तों की मिठास को और मजबूत करने का संदेश देता है।










