सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

प्रभारी मंत्री संजय शर्मा के औचक निरीक्षण में खुली नगर परिषद की पोल : बिना गाड़ी-एस्कॉर्ट पहुंचे मंत्री, अव्यवस्थाओं पर जताई कड़ी नाराजगी

सीकर | 24-Dec-2025 06:09 AM | 385 |
सीकर
बिना गाड़ी-एस्कॉर्ट पहुंचे मंत्री, अव्यवस्थाओं पर जताई कड़ी नाराजगी

सीकर. जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की हकीकत उस समय सामने आ गई जब सीकर के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा शुक्रवार को अचानक नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि प्रभारी मंत्री बिना किसी सरकारी गाड़ी और एस्कॉर्ट के सीधे नगर परिषद कार्यालय पहुंचे, जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री संजय शर्मा ने नगर परिषद की विभिन्न शाखाओं का गहन जायज़ा लिया। शहरी समस्या समाधान शिविर में व्याप्त अव्यवस्थाओं और आमजन की शिकायतों के लंबित मामलों को देखकर वे खासे नाराज़ नजर आए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि उनके प्रभार वाले जिले में यह लापरवाही का दूसरा बड़ा उदाहरण है। इससे पहले नीमकाथाना में भी हालात संतोषजनक नहीं मिले थे, लेकिन जिला मुख्यालय सीकर में स्थिति और भी बदतर पाई गई।

नगर परिषद कमिश्नर की अनुपस्थिति पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यहां केवल बहानेबाज़ी चल रही है और जिम्मेदार अधिकारी अपने कर्तव्यों से बच रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जब जिला कलेक्टर ने अधिकारियों का बचाव करने का प्रयास किया, तो मंत्री संजय शर्मा और अधिक आक्रोशित हो गए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “आपने ही सब बिगाड़ रखा है, इसकी रिपोर्ट सीधे मुख्यमंत्री को करूंगा।”

मंत्री ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार करते हुए स्पष्ट किया कि अब इस मामले से जुड़े सभी सवालों के जवाब जिला कलेक्टर देंगे। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिसके कारण व्यवस्थाएं सुधरने के बजाय और बिगड़ती जा रही हैं।

अंत में प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने साफ कहा कि नगर परिषद और शहरी समस्या समाधान शिविर की अव्यवस्थाओं को लेकर वे स्वयं मुख्यमंत्री से सीधे बात करेंगे। इस औचक निरीक्षण के बाद नगर परिषद और जिला प्रशासन में जवाबदेही को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.