सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

सीएमएचओ ने चिकित्सा संस्थानों का किया निरीक्षण : सीकर में सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुधार के दिए निर्देश

सीकर | 24-Dec-2025 09:39 PM | 385 |
सीकर
सीकर में सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुधार के दिए निर्देश

सीकर. आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दादिया एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दौलतपुरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और सेवाओं की गहन समीक्षा की।

डॉ. महरिया ने सबसे पहले अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया तथा रोगियों और परिजनों के लिए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और समय पर ड्यूटी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। दवाइयों की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था तथा आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के स्टॉक की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान जांच योजना के अंतर्गत की जा रही विभिन्न जांचों, प्रयोगशाला उपकरणों की स्थिति और उनके रखरखाव को परखा गया। उन्होंने उपकरणों के नियमित मेंटेनेंस और समय-समय पर कैलिब्रेशन के निर्देश दिए, ताकि जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने प्रभारी अधिकारियों से टीकाकरण कार्यक्रम, संस्थागत प्रसव, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, परिवार कल्याण कार्यक्रम तथा नसबंदी अभियानों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार उपलब्धि अर्जित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

डॉ. महरिया ने एनसीडी (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग एवं एनसीडी फॉलोअप की स्थिति का भी जायजा लिया और चिन्हित मरीजों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर स्क्रीनिंग और उपचार से गंभीर बीमारियों को रोका जा सकता है।

निरीक्षण के अंत में उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संदेश दिया।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.